राधावल्लभ मंदिर में प्राचीन भांडीरवन के दिव्य दर्शन, भक्तों ने लिया आनंदोत्सव का लाभ
पुरुषोत्तम मास में सालभर के प्रमुख उत्सवों की झांकियों से भक्त हो रहे भावविभोर
भोपाल। इब्राहिमपुरा स्थित राधावल्लभ मंदिर में पावन पुरुषोत्तम मास के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सवों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी आनंदोत्सव श्रृंखला के अंतर्गत द्वादशी तिथि पर श्रद्धालुओं को वृंदावन के प्रसिद्ध एवं पौराणिक भांडीरवन के दिव्य दर्शन कराए गए।
मंदिर में सुसज्जित भांडीरवन की आकर्षक झांकी ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन कर प्रभु की कृपा प्राप्त की तथा भक्ति भाव से उत्सव में सहभागिता निभाई।
मंदिर समिति के सदस्य संजय अग्रवाल ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान मंदिर में वर्षभर मनाए जाने वाले प्रमुख धार्मिक उत्सवों एवं लीलाओं की विशेष झांकियां तैयार की जाती हैं। इन झांकियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को ब्रज संस्कृति एवं भगवान की विभिन्न लीलाओं का दर्शन कराया जाता है।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन भगवान श्री राधावल्लभ लाल को विशेष श्रृंगार अर्पित किया जाता है तथा सुंदर पदों, भजनों और संकीर्तन के माध्यम से प्रभु को रिझाया जाता है। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण के बीच श्रद्धालु भजन-कीर्तन का आनंद लेते हुए प्रभु भक्ति में लीन हो रहे हैं।
पुरुषोत्तम मास के इस विशेष आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर दर्शन एवं धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
