Type Here to Get Search Results !

उज्जैन में राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान समारोह सम्पन्न वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान

 उज्जैन में राष्ट्रीय पत्रकार सम्मान समारोह सम्पन्न वरिष्ठ पत्रकारों का हुआ सम्मान



उज्जैन। दिनांक 27@07@2026 उज्जैन राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा भारत नेशनल मीडिया मेन वेलफेयर ट्रस्ट इंडिया, उज्जैन के तत्वावधान में पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन डॉ0 राजेन्द्र जैन नवीन सभागृह उज्जैन में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय पत्रकार मोर्चा भारत उज्जैन के राष्ट्रीय महानियंत्रक के.सी. यादव के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ स्वामी विवेकानंदजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. कृष्णानंद शास्त्री (भोपाल) सेवानिवृत्त न्यायाधीश इकबाल खान उज्जैन तथा मध्यप्रदेश प्रेस क्लब के अध्यक्ष नंदराम यादव उज्जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

अपने प्रेरक उद्बोधन में मध्यप्रदेश प्रेस क्लब के अध्यक्ष नंदराम यादव ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने उस दौर को भी देखा है जब समाचार पत्र हाथ से लिखकर प्रकाशित किए जाते थे और आज इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया का युग है। इसके बावजूद प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता आज भी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक सुबह अखबार नहीं पढ़ लेते तब तक सोशल मीडिया पर प्रसारित समाचारों पर पूरी तरह विश्वास नहीं होता। जिस दिन अखबार नहीं आता उस दिन ऐसा लगता है कि जैसे कुछ महत्वपूर्ण छूट गया हो। इसलिए अखबार का अपना ऐक अलग महत्व और गरिमा है।

उन्होंने के.सी. यादव की पत्रकारिता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कई दशकों से अपनी निर्भीक लेखनी और कलम की धार से उज्जैन शहर को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि अखबार निकालना आज के समय में अत्यंत चुनौतीपूर्ण कार्य है। पाठक भले ही कम कीमत में अखबार पढ़ता हो लेकिन उसके प्रकाशन की वास्तविक लागत कहीं अधिक होती है। यदि पत्रकार की लेखनी में दम निष्पक्षता और तेजधार हो तो उसे अधिकारियों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती बल्कि अधिकारी स्वयं उसके पास आने को मजबूर होते हैं।

मध्यप्रदेश प्रेस क्लब के अध्यक्ष नंदराम यादव ने पत्रकार कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पत्रकार पेंशन राशि ₹10,000 से बढ़ाकर ₹20,000 कर दी है तथा भविष्य में इसे ₹30,000 तक बढ़ाने की मांग की जा रही है। उन्होंने ऐसे पत्रकारों से भी आग्रह किया जिन्हें अभी तक अधिमान्यता (एक्रिडिटेशन) प्राप्त नहीं हुई है कि वे शीघ्र आवेदन करें। पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर दस्तावेज जमा करें। यदि उसके बाद भी किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे स्वयं उनकी सहायता के लिए सदैव तैयार रहेंगे।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों का सम्मान स्मृति-चिह्न एवं सम्मान पत्र देकर किया गया। कार्यक्रम के अंत में एनजेएफआई के राष्ट्रीय महानियंत्रक के.सी. यादव ने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। आभार प्रदर्शन के उपरांत सभी उपस्थित अतिथियों एवं पत्रकारों के लिए स्वादिष्ट अल्पाहार की व्यवस्था की गई। सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित यह सम्मान समारोह पत्रकार एकता, सम्मान और निष्पक्ष पत्रकारिता के संकल्प के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.