Type Here to Get Search Results !

सर्वोदय संस्था का 'अहिंसा महामहोत्सव 2025' शुभारंभ : 108 परिंदों के सकोरे वितरित, जनसेवा का संदेश

 सर्वोदय संस्था का 'अहिंसा महामहोत्सव 2025' शुभारंभ : 108 परिंदों के सकोरे वितरित, जनसेवा का संदेश


मंडीदीप। जनकल्याण और अहिंसा के पथ पर अग्रसर सर्वोदय सामाजिक संस्था द्वारा आयोजित 'अहिंसा महामहोत्सव 2025' का भव्य शुभारंभ गुरुवार को स्टेशन रोड स्थित आयोजन स्थल पर किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसडीओपी शीला सुराना एवं विशेष अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र अग्रवाल उपस्थित रहे।


उद्घाटन के अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से 108 परिंदों के सकोरे नि:शुल्क वितरित किए गए, जिससे लोगों में जीवदया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।


दो माह तक चलेगा सेवाभावी अभियान


यह दो माह तक चलने वाला अभियान नेमीरतन पारमार्थिक ट्रस्ट के सहयोग से संचालित किया जाएगा। सर्वोदय संस्था के अध्यक्ष पंकज जैन और ट्रस्ट प्रमुख विनोद जैन (RNG) ने जानकारी दी कि इस अवधि में परिंदों के लिए सकोरे और प्याऊ स्थापित किए जाएंगे, साथ ही गोभोज स्थल की व्यवस्था कर बेसहारा गोवंश की सेवा भी की जाएगी।


जनसेवा की मिसाल बना सर्वोदय


समारोह में बोलते हुए मुख्य अतिथि शीला सुराना ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा, "सर्वोदय न केवल अहिंसा के सिद्धांत को जीवंत कर रहा है, बल्कि समाज के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता भी दर्शा रहा है।"

वरिष्ठ नेता राजेंद्र अग्रवाल ने भी संस्था की प्रशंसा करते हुए कहा, "ऐसे प्रयास आज के दौर में और भी महत्वपूर्ण हो जाते हैं जब समाज को करुणा, संयम और सेवा की सख्त ज़रूरत है। सर्वोदय प्रेरणा का स्त्रोत बन चुका है।"


संस्था के प्रमुख उद्देश्य


सर्वोदय संस्था लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, संस्कार और जीवदया जैसे क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था का मूल उद्देश्य समाज में अहिंसा, समरसता और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देना है।




Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.