मंडीदीप में नाले में रहस्यमयी आग, पेट्रोकेमिकल लीक की आशंका
पर्यावरणविद बोले — रासायनिक साल्वेंट से उठी आग; पीसीबी ने जांच के आदेश दिए, काला धुआं देर तक छाया रहा
मंडीदीप में नाले में रहस्यमयी आग, जांच के आदेशऔद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप में बुधवार शाम करीब 4:30 बजे एक नाले में अचानक आग भड़क उठी। आग से उठे गहरे काले धुएं ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। राहत की बात यह रही कि फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, हालांकि आग के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।अग्निशमन दल के अधिकारियों के मुताबिक, आग इतनी तीव्र थी कि सामान्य पानी डालने से वह बुझ नहीं रही थी। बाद में फायर टेंडर की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया। आग में पेट्रोलियम या रासायनिक पदार्थ के जलने जैसी गंध और धुआं था, जिससे यह संदेह गहराया कि घटना में किसी केमिकल की भूमिका हो सकती है।पर्यावरणविद सी.पी. पांडेय ने कहा कि नाले या किसी जलस्रोत के पास इस प्रकार की आग लगना गंभीर चिंता का विषय है। “ऐसी घटनाओं में आमतौर पर पेट्रोकेमिकल या अन्य सॉल्वेंट जिम्मेदार होते हैं, जो अत्यधिक ज्वलनशील और खतरनाक होते हैं,” उन्होंने चेताया। पांडेय के मुताबिक, इन पदार्थों के जलने से निकलने वाला धुआं अत्यधिक कार्बनयुक्त होता है, जो लंबे समय तक वातावरण में बना रहता है और स्वास्थ्य पर गहरा असर डालता है — खासकर श्वसन और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ा देता है।प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) के रीजनल अधिकारी डॉ. के.एन. कटारे ने बताया कि आग नियंत्रण के बाद प्रारंभिक जांच की गई है और विस्तृत जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। “जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नाले में आग किस वजह से लगी,” उन्होंने कहा।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले अपशिष्ट की नियमित निगरानी की जाए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न घटें।
